पुजारी पुरोहितों को आर्थिक सहायता राशि देने की मांग

 

विदिशा। धर्माधिकारी पंडित विनोद शास्त्री ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पुजारी पुरोहितों को आर्थिक सहायता राशि देने की मांग की है। इस आशय का पत्र उन्होंने ई-मेल द्वारा भेजा है। धर्माधिकारी पंडित विनोद शास्त्री ने बताया कि आज  मुख्यमंत्री महोदय को ई-मेल द्वारा पत्र भेजा गया है। पत्र में लिखा है कि पुजारी पुरोहित अपने परिवार का भरण पोषण मंदिरों  मे भगवान की पूजन अर्चना व यजमानों के यहां पाठ पूजन यज्ञ हवन करा कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। मंदिरों को बंद रहते दो माह होने जा रहे हैं। कोरोना महामारी एवं लॉक डाउन के चलते शासन प्रशासन के नियमों का पालन करते हुए पुजारी पुरोहित अपने घर पर रह रहे हैं। दो माह से सारे मंदिर बंद हैं एवं ब्राह्मणों द्वारा यजमान के यहां शादी विवाह पूजन पाठ यज्ञ हवन के कार्यक्रम भी नहीं हो पा रहे हैं। जिससे पंडित पुजारी पुरोहित आर्थिक कठिनाइयों के दौर से गुजर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज एक ऐसा वर्ग है जो मंदिरों में भगवान की पूजन अर्चना व यजमानों के घरों में पुरोहित कार्य करके अपनी जीविका चलाता है। ब्राह्मण वर्ग समाज का एक सम्मानित और प्रणम्यवर्ग है अपने प्रतिष्ठा तथा सम्मान का मारा हुआ होने के कारण किसी के सामने हाथ भी नहीं फैला सकता। अधिकांश मंदिर ऐसे हैं जो भक्तों द्वारा चढ़ावा आता है उसी से पुजारी भगवान के भोग प्रसादी एवं अपने परिवार का भरण पोषण करता है। इसलिए पुजारी पुरोहितो की चिंता को पूर्ण गंभीरता के साथ लेकर छोटे-छोटे मंदिरों मे पूजन कर रहे गरीब पंडित पुजारियों पुरोहितों को आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने का अनुरोध किया गया है।

अनुरोध करने वाले धर्माचार्य पंडित बृजमोहन शास्त्री, पंडित संतोष शास्त्री, पंडित चेतन शास्त्री, मठाधीश कैलाश नारायण चतुर्वेदी, पंडित सतीश व्यास, पंडित अंबिका प्रसाद शुक्ला, पंडित देवेंद्र शास्त्री, पंडित अमन शास्त्री, पंडित नारायण शास्त्री, पंडित ब्रह्म स्वरूप तिवारी, पंडित राम सेवक शर्मा, पंडित कृपा शंकर आचार्य, पंडित अभिषेक शास्त्री, पंडित अमित शर्मा, पंडित प्रशांत तिवारी, पंडित सीताराम शर्मा, पंडित विनोद तिवारी, पंडित मोरध्वज भार्गव, पंडित उपदेश शास्त्री, पंडित जनित शर्मा, पंडित पवन शर्मा, एवं नगर के पुजारी पुरोहित शामिल हैं।