ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भ्रष्ट सरकार से साथियों समेत किनारा किया: शिवराज सिंह चौहान

 

भोपाल। पिछली कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में त्राही-त्राही मचा दी थी। भ्रष्टाचार में लिप्त सरकार को उखाड़ फेंकने में मदद करने वाले ही असली लीडर, असली हीरो होते हैं।‬

ज्योतिरादित्य सिंधिया जी ऐसे नेता हैं, जिन्होंने प्रदेश का हित सर्वोपरि रखा और भ्रष्ट सरकार से अपने साथियों समेत किनारा किया। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फेसबुक पेज पर कही। 

उन्होंने कहा कि मैं मेरे उन सभी साथियों का भी सम्मान करता हूँ, जिन्होंने कमलनाथ जी की स्वकेंद्रित बँटाधार सरकार को गिराने के लिए और प्रदेश की उन्नति के लिए अपनी-अपनी राजनीतिक कारकिर्दगी को दाँव पे लगा दिया। सारे पदों को त्याग दिया। अति कठोर निर्णय लिए और उस पर अडिग रहे।

सरकार बनाने और चलाने के लिए प्रजा हित को सर्वोपरि रखना पड़ता है। ‬जो प्रदेश के मुखिया प्रजा को छोड़ एक परिवार की पूजा में लिप्त रहते हैं, वो कभी जनता की सरकार बना नहीं सकते और अगर गलती से कभी बना भी लें तो ज़्यादा दिन चला नहीं सकते। ‬ये जो पब्लिक है वो सब जानती है।